Monday, 15 June 2026
international
पेट्रोल का विकल्प बनेगा एथेनॉल, 100% एथेनॉल ईंधन को मिली कानूनी मंजूरी: नितिन गडकरी
नई दिल्ली। देश में स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि 100 प्रतिशत एथेनॉल ईंधन को कानूनी मान्यता दे दी गई है। अब ऐसे वाहन सड़क पर चल सकेंगे जो पूरी तरह एथेनॉल से संचालित होंगे।
नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने बताया कि उन्होंने 100 प्रतिशत एथेनॉल से जुड़े नियमों को मंजूरी देने वाली फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इससे पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी और देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
गडकरी ने कहा कि भारत हर साल पेट्रोलियम उत्पादों के आयात पर करीब 22 लाख करोड़ रुपये खर्च करता है। एथेनॉल आधारित वाहनों को बढ़ावा मिलने से इस भारी-भरकम आयात बिल में कमी आएगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी।
इस दिशा में ऑटोमोबाइल उद्योग भी तेजी से कदम बढ़ा रहा है। हाल ही में मारुति सुजुकी ने 100 प्रतिशत एथेनॉल पर चलने वाली वैगनआर का विशेष मॉडल पेश किया है। इस लॉन्च में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।
वहीं, हीरो मोटोकॉर्प ने भी दो फ्लेक्स-फ्यूल मोटरसाइकिलें बाजार में उतारी हैं, जो पूरी तरह एथेनॉल पर चल सकती हैं। गडकरी के अनुसार टोयोटा, सुजुकी, एमजी मोटर और हुंडई जैसी प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियां भी अगले कुछ सप्ताह में एथेनॉल-समर्थित वाहन लॉन्च करने की तैयारी में हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि एथेनॉल के बढ़ते उपयोग से प्रदूषण में कमी आएगी, किसानों को गन्ने और अन्य फसलों से अतिरिक्त आय का अवसर मिलेगा तथा भारत का ऊर्जा सुरक्षा ढांचा और मजबूत होगा।