Friday, 22 November 2024
Punjab News
आम आदमी पार्टी ने पंजाब संगठन में किया बड़ा बदलाव, अमन अरोड़ा बने नए अध्यक्ष
आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब में संगठन को मजबूती देने के लिए बड़ा बदलाव किया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर घोषणा की कि पार्टी ने अमन अरोड़ा को आम आदमी पार्टी पंजाब का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही, विधायक शेर सिंह कलसी को पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
सीएम भगवंत मान ने इन दोनों नेताओं पर विश्वास जताते हुए कहा, मैंने अपने दो करीबी साथियों को यह जिम्मेदारी सौंपी है। मुझे पूरा भरोसा है कि वे पार्टी और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
पार्टी अध्यक्ष पद में यह बदलाव उस समय हुआ है, जब भगवंत मान ने उपचुनाव के दौरान पंजाब अध्यक्ष पद छोड़ने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी एक नया चेहरा इस पद पर लाएगी।
पार्टी ने इस बार हिंदू वोट बैंक को ध्यान में रखते हुए अमन अरोड़ा को अध्यक्ष बनाया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला राज्य में भाजपा के बढ़ते हिंदू वोटों के प्रभाव को रोकने की रणनीति का हिस्सा है।
अमन अरोड़ा पंजाब के सुनाम विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं। अमन अरोड़ा, दो बार के विधायक भगवान दास अरोड़ा के बेटे हैं। 2017 में पहली बार उन्होंने रिकॉर्ड जीत हासिल कर पंजाब विधानसभा में कदम रखा। 2007 और 2012 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर सुनाम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन सफलता नहीं मिली। जनवरी 2016 में वे आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और पार्टी की पंजाब इकाई के सहअध्यक्ष के रूप में काम किया।
AAP के इस फैसले को हिंदू समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। पंजाब में भाजपा के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए पार्टी ने हिंदू चेहरे पर भरोसा जताया है।
अमन अरोड़ा और शेर सिंह कलसी की नियुक्ति के साथ AAP ने संगठन को मजबूत करने का रोडमैप तैयार किया है। पार्टी को उम्मीद है कि ये दोनों नेता संगठन को नई दिशा देंगे और पंजाब में पार्टी की पकड़ और मजबूत करेंगे।
Aam aadmi party made a big change in the punjab organization, Aman arora became the new president