Friday, 03 April 2026
Punjab News
जालंधर में सियासी संदेश: Charanjit Singh Channi ने नए घर से ‘बाहरी’ छवि तोड़ने की कोशिश
जालंधर: पंजाब की राजनीति में हलचल उस वक्त और तेज हो गई जब पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद Charanjit Singh Channi ने जालंधर के खजूरला गांव में अपने नए आलीशान घर का गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया। इस मौके पर उन्होंने पार्टी नेताओं, समर्थकों और नौ विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े कार्यकर्ताओं को आमंत्रित कर शक्ति प्रदर्शन भी किया।
करीब पांच कनाल में बने इस भव्य घर में अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम रखे गए हैं। सुबह ‘सहज पाठ’ के भोग के बाद लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इस आयोजन को चन्नी की उस कोशिश के रूप में देखा जा रहा है, जिसके जरिए वे अपने ऊपर लगे ‘बाहरी नेता’ के टैग को खत्म करना चाहते हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक हरदेव एस लड्डी शेरोवालिया, परगट सिंह, बावा हेनरी और सुखविंदर कोटली मौजूद रहे, जबकि फिल्लौर से विधायक विक्रमजीत चौधरी की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। इसके अलावा हलका इंचार्ज और कई सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी पहुंचे।
गौरतलब है कि इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann भी जालंधर में अपना घर बनाकर नियमित ‘लोक मिलनी’ कर रहे हैं। ऐसे में चन्नी का यह कदम साफ तौर पर जालंधर में अपनी पकड़ मजबूत करने और राजनीतिक संदेश देने के रूप में देखा जा रहा है।