Friday, 02 May 2025
National
पाकिस्तानी एक्टर्स के इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक, जवाब में पाकिस्तान ने एफएम पर भारतीय गानों को किया बैन
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कई कड़े कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में भारत ने बुधवार को पाकिस्तान की लोकप्रिय अभिनेत्रियों हानिया आमिर, माहिरा खान सहित कई कलाकारों के इंस्टाग्राम अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया। इन डिजिटल कार्रवाइयों के बाद पाकिस्तान की तरफ से तगड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।
एफएम रेडियो पर बॉलीवुड गानों पर लगा बैन
1 मई को पाकिस्तान की सरकार ने एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर एलान किया कि अब देश में एफएम रेडियो चैनलों पर भारतीय—खासतौर पर बॉलीवुड—गाने नहीं बजाए जाएंगे। इस प्रतिबंध को भारत द्वारा उठाए गए डिजिटल एक्शन के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।
इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान के लिए अपने हवाई क्षेत्र को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। 30 अप्रैल से 23 मई तक यह पाबंदी लागू रहेगी। इस दौरान न तो कोई पाकिस्तानी रजिस्टर्ड विमान, न ही पाकिस्तान द्वारा ऑपरेट या लीज पर लिए गए विमान भारतीय एयरस्पेस में प्रवेश कर सकेंगे। यहां तक कि पाकिस्तानी सैन्य विमानों को भी इसकी इजाज़त नहीं दी जाएगी।
भारत की इन कार्रवाइयों को सीमा पार से हो रही आतंकी गतिविधियों के खिलाफ स्पष्ट और सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। पाकिस्तान की बौखलाहट यह दिखाती है कि भारत के डिजिटल और कूटनीतिक दबाव ने असर दिखाना शुरू कर दिया है।