Monday, 07 April 2025
Punjab News
जालंधर के दमुंडा गांव में दिल दहला देने वाला हादसा, आग में झुलसकर युवक की मौत?
जालंधर (आदमपुर): जिले के आदमपुर उपमंडल के दमुंडा गांव में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। एक झोपड़ी में लगी आग ने 18 वर्षीय युवक की जान ले ली, जबकि उसकी दो बहनों ने किसी तरह जान बचाकर बाहर भागकर अपनी जिंदगी बचाई। आग इतनी भीषण थी कि झोपड़ी में रखा सारा सामान और नकदी भी जलकर राख हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक अपने परिवार के साथ झोपड़ी में रहता था। हादसे के समय उसकी बहनें चाय बना रही थीं, तभी अचानक आग भड़क गई। झोपड़ी में ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। बहनें किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहीं, लेकिन युवक आग की चपेट में आ गया और बाहर निकल नहीं सका।
सूचना मिलते ही गांववासियों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को बुलाया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार का कहना है कि झोपड़ी में आग शॉर्ट सर्किट या चूल्हे से निकली चिंगारी के कारण लग सकती है। इस भीषण हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।