Wednesday, 26 February 2025
Jalandhar
जालंधर: बाइक सवार लुटेरों ने मोबाइल छीनने के प्रयास में लड़की को 400 मीटर तक घसीटा
जालंधर। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्रीन मॉडल टाउन इलाके में बाइक सवार लुटेरों ने दिनदहाड़े मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन बहादुर लड़की ने फोन नहीं छोड़ा, जिससे उसे करीब 400 मीटर तक घसीटा गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
घटना शुक्रवार दोपहर की है जब 19 वर्षीय लड़की कोचिंग से घर लौट रही थी। जैसे ही वह कॉल पर बात कर रही थी, तीन बाइक सवार युवक पीछे से आए और उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की। लड़की ने बहादुरी दिखाते हुए फोन नहीं छोड़ा, लेकिन लुटेरों ने रफ्तार बढ़ा दी, जिससे वह सड़क पर घसीटती चली गई।
लोगों की भीड़ और अपराधी फरार
लड़की की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर दौड़े, लेकिन तब तक लुटेरे मोबाइल छीनकर फरार हो चुके थे। राहगीरों ने घायल लड़की को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लुटेरों की पहचान हो गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। कई लोगों ने मांग की है कि प्रशासन को सुरक्षा के सख्त इंतजाम करने चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।