ePaper Reading mode

Rzana Punjab ePaper

Wednesday, 16 April 2025

हिमाचल: मंडी में डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, कॉम्प्लेक्स में मचा हड़कंप

Bomb Threat Shakes Mandi DC Office in Himachal; Complex Evacuated, Police on High Alert
Bomb Threat Shakes Mandi DC Office in Himachal; Complex Evacuated, Police on High Alert

ख़बरिस्तान नेटवर्क: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब ज़िला उपायुक्त (DC) कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। धमकी मिलते ही पूरे प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स को खाली करवा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं।

कॉम्प्लेक्स में स्थित DC ऑफिस, SSP ऑफिस और कोर्ट परिसर को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। इन जगहों पर प्रतिदिन सैकड़ों नागरिक और अधिकारी आते हैं, जिस कारण प्रशासन ने तुरंत स्थिति को गंभीरता से लेते हुए बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और खोजी कुत्तों की टीम को मौके पर बुलाया।

NDRF और SDRF की टीमों को किया गया तैनात

सुरक्षा के लिहाज से NDRF और SDRF की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया है। इमारत की गहन तलाशी ली जा रही है और किसी को भी अंदर जाने की इजाज़त नहीं दी जा रही है।

धमकी भरे ईमेल की जांच

पुलिस की एक टीम इस बात की जांच में जुटी है कि धमकी भरा ईमेल किस आईडी से भेजा गया और उसका स्रोत कहां है। फिलहाल किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हुई है, लेकिन साइबर क्राइम सेल सक्रिय हो चुका है।

जनता में दहशत, पुलिस सतर्क

घटना के बाद आम लोगों और ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

फिलहाल कोई बम बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पूरे भवन की जांच अभी जारी है। यह मामला बेहद संवेदनशील बन चुका है और सुरक्षा एजेंसियां इसे किसी भी एंगल से हल्के में नहीं ले रहीं।