Friday, 25 April 2025
National
प्रवीण सिन्हा बने पंजाब के नए विजिलेंस चीफ, सरकार ने उठाया बड़ा कदम, जानिए वजह
चंडीगढ़, 25 अप्रैल 2025
पंजाब सरकार ने विजिलेंस विभाग में बड़ी प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी प्रवीण कुमार सिन्हा को नया विजिलेंस चीफ नियुक्त किया है। मौजूदा चीफ सुरिन्द्रपाल परमार को हटाते हुए यह फैसला लिया गया है। सूत्रों के मुताबिक परमार पर गंभीर लापरवाही के आरोपों के चलते यह कठोर कार्रवाई की गई।
प्रवीण सिन्हा वर्तमान में एडीजीपी एनआईए के पद पर तैनात हैं और अब उन्हें विजिलेंस ब्यूरो का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। उनकी यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब विजिलेंस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे और भ्रष्टाचार जांच में शिथिलता देखी जा रही थी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, परिवहन विभाग में हुए एक बड़े घोटाले की जांच में किसी ठोस कार्रवाई की कमी को लेकर सरकार बेहद असंतुष्ट थी। बताया जा रहा है कि इस मामले में कई वरिष्ठ अधिकारियों के नाम सामने आए थे और एक जिले में तैनात पीसीएस अधिकारियों की जांच भी लगभग पूरी हो चुकी थी, लेकिन कार्रवाई रुकी हुई थी।
माना जा रहा है कि लीक हुई जानकारी और रुकी हुई जांच के चलते सरकार ने तत्काल प्रभाव से सख्त कदम उठाने का फैसला किया और नए विजिलेंस चीफ की नियुक्ति कर दी। सरकार की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
अब सभी की निगाहें प्रवीण सिन्हा पर टिकी हैं कि वह इस चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी को कैसे निभाते हैं और विजिलेंस ब्यूरो की कार्यशैली में क्या बदलाव लाते हैं।