ePaper Reading mode

Rzana Punjab ePaper

Sunday, 17 November 2024

पंजाब उपचुनाव 2024: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सिद्धू मूसेवाला के पिता ने संभाली प्रचार की कमान

Punjab by-election 2024: Senior congress leader and father of sidhu moosewala took over the campaign
Punjab by-election 2024: Senior congress leader and father of sidhu moosewala took over the campaign

गिद्दड़बाहा विधानसभा उपचुनाव में सियासी पारा चरम पर है। यह हलका प्रदेश की हॉट सीट में गिना जा रहा है, जहां 20 नवंबर को मतदान होना है। कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी तीनों दलों ने इस सीट पर जीत के लिए अपने शीर्ष नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रचार अभियान में झोंक दिया है।

कांग्रेस की तरफ से पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अपनी पत्नी और उम्मीदवार अमृता वड़िंग के समर्थन में पूरी ताकत लगा रहे हैं। उनके साथ पूर्व सांसद जसबीर सिंह डिंपा, पूर्व विधायक कुलबीर जीरा, विधायक सुखपाल खैहरा और दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह भी प्रचार में जुट गए हैं। इसके अलावा लुधियाना के पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह बैंस भी गिद्दड़बाहा में डटे हुए हैं।

आप सरकार ने अपने उम्मीदवार हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों के पक्ष में प्रचार तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल अब तक चार बार गिद्दड़बाहा का दौरा कर चुके हैं। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, और डॉ. बलजीत कौर सहित कई विधायक गिद्दड़बाहा में लोगों से जुड़कर वादों की झड़ी लगा रहे हैं।

भाजपा इस सीट पर पहली बार जीत का सपना देख रही है। पार्टी ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को गिद्दड़बाहा में डेरा डालने को कहा है। साथ ही गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, भाजपा नेता अविनाश राय खन्ना और पूर्व कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी उम्मीदवार मनप्रीत बादल के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। मनप्रीत बादल केंद्र सरकार की योजनाओं को गिद्दड़बाहा लाने का वादा कर मतदाताओं को आकर्षित कर रहे हैं।

गिद्दड़बाहा में कांग्रेस अपनी चौथी जीत दर्ज करने के लिए मेहनत कर रही है, जबकि भाजपा और आप अपनी पहली जीत की उम्मीद में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। अब देखना यह होगा कि हलके की जनता किस पार्टी को अपना विश्वास सौंपती है।

  Punjab by-election 2024: Senior congress leader and father of sidhu moosewala took over the campaign