Thursday, 14 August 2025
Punjab News
तेज बारिश से जालंधर समेत कई जिलों में जलभराव, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
जालंधर में देर रात से जारी तेज़ बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। रात करीब 2 बजे से लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क करते हुए उनके मोबाइल पर अलर्ट मैसेज भेजे। अलर्ट में कहा गया कि आने वाले कुछ घंटों में जालंधर, कपूरथला, अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर और तरनतारन सहित आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल करने की सलाह दी गई है।
बाढ़ जैसे हालात
-
हिमाचल और पंजाब में लगातार हो रही बारिश और पौंग डैम से पानी छोड़े जाने के कारण ब्यास दरिया खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है।
-
सतलुज दरिया का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है।
-
कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे गांव के गांव पानी में घिर गए हैं।
भारी बारिश और बाढ़ के पानी ने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। कई जगह धान और सब्ज़ियों की फसलें पूरी तरह से डूब गई हैं। किसान अब सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर ने पंजाब के कई जिलों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।