Wednesday, 16 April 2025
Uncategorized
पंजाब में बदला सरकारी अस्पतालों का समय, गर्मी को देखते हुए नया शेड्यूल लागू: इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे रहेंगी चालू
पंजाब में भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है और इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों के समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब प्रदेश के सभी जिला अस्पताल, सब डिवीजनल अस्पताल, प्राइमरी हेल्थ सेंटर, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और आम आदमी क्लीनिक सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कार्य करेंगे।
यह नया समय आज से लागू होकर 15 अक्टूबर 2025 तक प्रभावी रहेगा। हालांकि, आपातकालीन (Emergency) सेवाएं पहले की तरह 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी ताकि किसी भी मरीज को आपात स्थिति में परेशानी न हो। अस्पताल कार्यालयों का समय यथावत रहेगा – सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक।
पंजाब में गर्मी ने बढ़ाई चिंता
राज्य में तापमान लगातार बढ़ रहा है और बठिंडा सबसे गर्म जिला बन गया है, जहां पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से ज्यादा है।
6 जिलों में हल्की बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, आज से पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के पठानकोट, होशियारपुर, गुरदासपुर, रोपड़ (रुपनगर), मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में हल्की बारिश हो सकती है।
हीट वेव और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने 17 और 19 अप्रैल को हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि 18 और 19 अप्रैल को आंधी, तेज़ हवाओं (30–40 किमी/घंटा), बिजली की गरज के साथ बारिश की भी संभावना है।
हालांकि, 20 और 21 अप्रैल को हीटवेव से राहत की उम्मीद जताई गई है और 21 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है।
प्रदेश सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी के इस मौसम में सतर्क रहें, धूप में निकलते समय सिर ढकें और ज़्यादा से ज़्यादा पानी पीएं।