Friday, 22 August 2025
Punjab News
पंजाब में फिर अलर्ट: 3 जिलों में येलो, कल से ऑरेंज अलर्ट
पंजाब में एक बार फिर मानसून के तेवर तीखे हो गए हैं। मौसम विभाग ने आज पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। दरअसल, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तर भारत में बारिश का नया दौर शुरू हो गया है।
हिमाचल की पहाड़ियों पर तेज़ बारिश का सीधा असर पंजाब के मैदानी इलाकों में दिख सकता है। नदियों का जलस्तर बढ़ने और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई जा रही है। इस समय राज्य के 7 ज़िले—कपूरथला, तरनतारन, फाजिल्का, फिरोजपुर, होशियारपुर, पठानकोट और अमृतसर पहले से ही बाढ़ की मार झेल रहे हैं।
आज जहाँ येलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं कल (शनिवार) से पंजाब में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा। उसी दिन हिमाचल प्रदेश में भी ऑरेंज अलर्ट रहेगा। अगर बारिश तेज़ हुई और बांधों से पानी छोड़ा गया तो पंजाब की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
बीते दिन बारिश न होने से राज्य का तापमान 3 डिग्री बढ़ गया। मोहाली में सबसे ज़्यादा 35.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि अगले 5 दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं।