Thursday, 26 June 2025
Punjab News
रुद्रप्रयाग में भीषण हादसा: यात्रियों से भरी बस अलकनंदा नदी में गिरी, एक की मौत, 10 अब भी लापता
रुद्रप्रयाग, उत्तराखंड। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। 18 यात्रियों से भरी एक बस अचानक संतुलन खोकर अलकनंदा नदी में जा गिरी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 10 अन्य अब भी लापता हैं।
यह घटना बद्रीनाथ हाईवे पर स्थित घोलतीर क्षेत्र में सुबह के समय हुई, जब सड़क पर फिसलन और तेज बारिश के चलते ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख सका। स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार हादसे के समय अलकनंदा नदी का जलस्तर बेहद ऊंचा था और पानी का बहाव तेज़ी से बढ़ा हुआ था। ऐसे में बस पूरी तरह से नदी में समा गई।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बस में तकनीकी खराबी थी या सड़क पर लैंडस्लाइड या कोई और कारण सामने आया। हादसे की पूरी जांच प्रशासन द्वारा की जा रही है।
प्रशासन की अपील
रुद्रप्रयाग पुलिस ने आम लोगों और यात्रियों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी अलर्ट पर ध्यान दें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।