Wednesday, 13 November 2024
Punjab News
संगरूर में घने कोहरे के साथ सर्दी की शुरुआत, दृश्यता 10 मीटर से भी कम
मंगलवार सुबह संगरूर में घनी धुंध के साथ सर्दियों ने दस्तक दे दी, जिससे लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर होना पड़ा। सीजन की पहली धुंध ने तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं। शहर से ज्यादा खेतों में धुंध का असर दिखाई दिया, जिससे सड़कों पर विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रह गई, और वाहन धीमी गति से चलने पर मजबूर हुए।
जिले में पराली के धुएं और धुंध की वजह से स्मॉग की स्थिति दिनभर बनी रही। हाईवे पर वाहन चालकों को अपने वाहनों की लाइट जलाकर रेंगते हुए गुजरना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, धुंध अभी कई दिनों तक रहने की संभावना है। मंगलवार को संगरूर में दिन का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से अधिक है।
बीते कुछ दिनों में पराली जलाने से उत्पन्न धुएं ने विजिबिलिटी पर गहरा असर डाला है। शाम और रात के समय कोहरा और धुंआ का मिश्रण देखा जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, स्मॉग कम करने के लिए सामान्य बारिश या तेज हवा की जरूरत है। पराली जलाने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, जिससे हवा की गुणवत्ता और बिगड़ सकती है।
Winter starts with dense fog in sangrur, visibility less than 10 meters