ख़बरिस्तान नेटवर्क: कनाडा के ओंटारियो प्रांत में स्थित हैमिल्टन शहर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां 21 वर्षीय पंजाबी छात्रा हरसिमरत रंधावा की गोली लगने से मौत हो गई। यह दुखद हादसा उस वक्त हुआ जब वह बस स्टॉप पर खड़ी होकर बस का इंतजार कर रही थी।
हादसे की वजह: कार सवारों के बीच गोलीबारी
पुलिस के मुताबिक, यह गोलीबारी दो कार सवारों के बीच हुई, जिनमें आपसी झड़प के चलते गोलियां चलाई गईं। दुर्भाग्य से, हरसिमरत उसी दौरान घटनास्थल पर मौजूद थी और गोली की चपेट में आ गई। पुलिस ने इसे एक "बेगुनाह की जान जाने वाला हादसा" बताया है।
छात्रा थी मोहॉक कॉलेज की
हरसिमरत रंधावा कनाडा के मोहॉक कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और मूल रूप से पंजाब से ताल्लुक रखती थी। उसकी आकस्मिक मौत ने न सिर्फ उसके परिवार, बल्कि पूरे भारतीय समुदाय को सदमे में डाल दिया है।
भारत के महावाणिज्य दूतावास ने जताया शोक
टोरंटो स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया, "हम भारतीय छात्रा हरसिमरत रंधावा की असामयिक और दुखद मौत से स्तब्ध हैं। हम उनके परिवार के साथ लगातार संपर्क में हैं और हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।"
जांच जारी
स्थानीय पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और गोलीबारी में शामिल अपराधियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
यह घटना विदेश में रहने वाले हजारों भारतीय छात्रों और उनके परिवारों के लिए एक दर्दनाक चेतावनी है कि वे सतर्क और सुरक्षित रहें।