मुंबई – 'कांटा लगा' गाने से रातोंरात स्टार बनीं और 'बिग बॉस 13' फेम अभिनेत्री शेफाली जरीवाला अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 42 वर्षीय शेफाली का निधन 27 जून की रात को हार्ट अटैक (कार्डियक अरेस्ट) से हो गया। उनकी मौत की खबर से मनोरंजन जगत में गहरा शोक है।
शेफाली को कार्डियक अरेस्ट आने के बाद उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी उन्हें तुरंत कूपर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में रखा गया है, और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
मामला संवेदनशील होते हुए मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अंबोली पुलिस स्टेशन की टीम ने शेफाली के घर पहुंचकर फोरेंसिक जांच शुरू की है। उनकी घरेलू सहायिका और कुक से भी पूछताछ की जा रही है, जबकि परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
कूपर अस्पताल के बाहर पराग त्यागी को बेहद दुखी और टूटा हुआ देखा गया। मीडिया के कैमरों में कैद हुए वीडियो में वे कार में सिर झुकाए बैठे नजर आए। यह पल न सिर्फ उनके लिए, बल्कि उनके चाहने वालों के लिए भी बेहद भावुक कर देने वाला रहा।
सिंगर राहुल वैद्य ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेफाली की फोटो साझा करते हुए लिखा, “शेफाली, आपकी आत्मा को शांति मिले। आप बहुत जल्दी चली गईं।”
मीका सिंह ने भी ट्वीट कर कहा, “यह बहुत दुखद है। हमने एक शानदार इंसान और प्यारे दोस्त को खो दिया।”
शेफाली ने 2002 में आए सुपरहिट रीमिक्स ‘कांटा लगा’ से जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। यह गाना उस दौर का आइकॉनिक बन गया था और शेफाली को ‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से पहचान मिली। बाद में उन्होंने फिल्म 'मुझसे शादी करोगी' में भी काम किया और 'नच बलिए' व 'बिग बॉस 13' जैसे रियलिटी शोज़ में भी अपनी छाप छोड़ी।
शेफाली ने साल 2004 में मीत ब्रदर्स के हरमीत सिंह से पहली शादी की थी, जो 2009 में टूट गई। इसके बाद उन्होंने 2015 में पराग त्यागी से विवाह किया और दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर साथ में नजर आते रहे।
शेफाली के आकस्मिक निधन से उनके प्रशंसक, दोस्त और इंडस्ट्री के लोग स्तब्ध हैं। एक चमकता सितारा यूं अचानक अस्त हो गया, लेकिन उसकी यादें और काम हमेशा जीवित रहेंगे।