Skip to content

जो रूट तोड़ सकते हैं सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, एलिस्टर कुक ने की भविष्यवाणी

Joe root can break sachin tendulkar record, Alastair cook predicts
Joe root can break sachin tendulkar record, Alastair cook predicts
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक का मानना है कि इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट क्रिकेट इतिहास में सर्वकालिक सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं, जो वर्तमान में भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर के नाम है। रूट ने हाल ही में मुल्तान में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन अपना 35वां शतक जड़ते हुए एलिस्टर कुक के 12,472 रनों के रिकॉर्ड को पार कर इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस उपलब्धि के साथ ही रूट सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वालों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि सचिन तेंदुलकर 15,921 रनों के साथ इस सूची में शीर्ष पर काबिज हैं।

कमेंट्री करते हुए कुक ने कहा, मैं रूट को सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए देख सकता हूं। सचिन के रिकॉर्ड तक पहुंचना कठिन जरूर है, लेकिन रूट की बल्लेबाजी का जज्बा और निरंतरता उन्हें इस रिकॉर्ड के करीब ला सकती है। मुझे नहीं लगता कि वह अगले कुछ सालों तक अपनी इस भूख को खोएंगे।

रूट की इस उपलब्धि पर इंग्लैंड के मौजूदा कप्तान बेन स्टोक्स ने भी बधाई दी। उन्होंने इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड के सोशल मीडिया चैनलों पर साझा एक वीडियो में कहा, रूट की निस्वार्थता और टीम के प्रति समर्पण उनकी सबसे बड़ी खूबी है। उन्होंने इतने रन बनाए हैं जो हमारे लिए एक बोनस है। वह एक अविश्वसनीय खिलाड़ी हैं।

इंग्लैंड के दो पूर्व कप्तान माइकल एथरटन और नासिर हुसैन ने भी रूट की तारीफ की। एथरटन ने कहा, रूट ने क्रिकेट के बारह साल तक अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, और नागपुर में उनके डेब्यू के वक्त ही यह साफ था कि वह इंग्लैंड के महान खिलाड़ियों में से एक बनेंगे। वहीं, नासिर हुसैन ने भी रूट की खेल भावना और दृढ़ता को सराहा। हुसैन ने कहा, उनकी अद्भुत क्षमता, शॉट चयन, स्वभाव और भूख ने हमें हमेशा आकर्षित किया है। इन 12 वर्षों में उन्होंने हमेशा चेहरे पर मुस्कान के साथ खेला है, जो आसान नहीं है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने भी एक्स पर रूट को बधाई देते हुए लिखा, जो रूट को इंग्लैंड के सर्वाधिक टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी बनने पर बधाई। यह उनके असाधारण क्रिकेट करियर का शानदार मील का पत्थर है।

जो रूट के इस नए रिकॉर्ड ने क्रिकेट प्रेमियों और इंग्लैंड टीम के प्रशंसकों में नई उम्मीदें जगा दी हैं कि शायद रूट भविष्य में सचिन तेंदुलकर का सर्वाधिक टेस्ट रन का रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास रच सकते हैं।

  Joe root can break sachin tendulkar record, Alastair cook predicts