Skip to content

पंजाब पंचायत चुनाव में कड़ी सुरक्षा के बीच सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान जारी

Voting for sarpanch and panch posts continues amid tight security in punjab panchayat elections
Voting for sarpanch and panch posts continues amid tight security in punjab panchayat elections
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाब में मंगलवार को सरपंच और पंच के पदों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसके बाद मतों की गिनती मतदान केंद्रों पर ही होगी। इस चुनाव के लिए 19,110 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 1,187 को अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। राज्य में कुल 13,225 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से 9,398 ग्राम पंचायतें सरपंच का चुनाव करेंगी।

चुनाव आयोग के मुताबिक, 3,798 सरपंच उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। वहीं, सरपंच पद के लिए 25,588 उम्मीदवार और पंच पद के लिए 80,598 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और युवा मतदाताओं की भीड़ देखी गई।

पिछले महीने पंजाब विधानसभा में पारित पंजाब पंचायती राज (संशोधन) विधेयक, 2024 के चलते इस बार चुनाव राजनीतिक दलों के प्रतीकों के बिना हो रहे हैं। इस चुनाव में 1.33 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं, जिनके मताधिकार के लिए 96,000 कर्मियों की चुनावी ड्यूटी पर तैनाती की गई है।

सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जनता से निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की थी। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने पंचायत चुनावों के खिलाफ दाखिल कई याचिकाओं को खारिज कर दिया है, जिनमें वार्ड परिसीमन, चुनाव चिह्न, नामांकन पत्र खारिज करने और समय विस्तार से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं।

  Voting for sarpanch and panch posts continues amid tight security in punjab panchayat elections