Skip to content

सफदरजंग अस्पताल से 45 दिन के बच्चे का किडनैप, पुलिस ने शाहजहांपुर में आरोपी को पकड़ा

45-day-old baby kidnapped from safdarjung hospital, police arrested the accused in shahjahanpur
45-day-old baby kidnapped from safdarjung hospital, police arrested the accused in shahjahanpur
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से 45 दिन के बच्चे का किडनैप करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया, जिनके पास से किडनैप किया गया बच्चा बरामद हुआ है।

15 नवंबर को सफदरजंग अस्पताल में एक महिला ने मासूम बच्चे को चकमा देकर किडनैप कर लिया था। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट पुलिस टीम, रेलवे पुलिस फोर्स (आरपीएफ), जीआरपी और रेलवे स्टाफ की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।

एडिशनल डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 200 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज की जांच की और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया।

गिरफ्तार महिला की पहचान माही सिंह उर्फ सोफिया के रूप में हुई है, जबकि उसके साथी का नाम रोहित कुमार है। ये दोनों उत्तर प्रदेश के गोंडा और बांदा के निवासी हैं। माही पहले ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और शादीशुदा है।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने बच्चे की मां से पहले दोस्ती की और कुछ देर में उसका विश्वास जीत लिया। फिर बच्चे को खिलाने के बहाने गोदी में लेकर वह वहां से फरार हो गई।

वारदात की जानकारी पुलिस को दोपहर 3 बजे मिली। सफदरजंग थाना के एसएचओ रजनीश कुमार और चौकी इंचार्ज सुनील गौड़ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों का पीछा किया।

आरोपी महिला और उसके साथी ने सफदरजंग अस्पताल से ऑटो रिक्शा लेकर निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की ओर रुख किया, फिर वहां से आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचे। पुलिस को यह पता चला कि आरोपी बच्चे को लेकर सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं।

बरेली रेलवे स्टेशन पर पुलिस और जीआरपी के साथ मिलकर आरोपियों का पीछा किया। ट्रेन में तैनात टीटीई की मदद से आरोपियों का ट्रैक किया गया और आखिरकार शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब यह जांच रही है कि आरोपियों पर पहले भी कोई आपराधिक मामले तो नहीं हैं।

  45-day-old baby kidnapped from safdarjung hospital, police arrested the accused in shahjahanpur