अजनाला में हाल ही में IED हमले की साजिश विफल होने के बाद शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे गुरबख्श नगर में छह महीने से बंद पड़ी पुलिस चौकी पर हैंड ग्रेनेड फेंका गया। गहरी नींद में सोए होने के कारण स्थानीय लोगों को धमाके का पता नहीं चला। सुबह जब मिट्टी और टूटा सामान बिखरा देखा गया, तब पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एडीसीपी विशालजीत सिंह, एसीपी जसपाल सिंह और गेट हकीमां थाने की प्रभारी मंजीत कौर मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने धमाका स्थल को सील कर सैंपल एकत्र किए और जांच शुरू की। देर शाम गैंगस्टर से आतंकी बने हैप्पी पछिया ने आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के नाम पर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस हमले की जिम्मेदारी ली।
हैप्पी पछिया ने अपने दो साथियों गोपी होशियारपुरिया और जीवन उर्फ फौजी के साथ मिलकर धमाके की जिम्मेदारी लेते हुए लिखा कि यह हमला उसकी मां और बहन की गिरफ्तारी का बदला है। उसने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में पुलिस ने उसके स्वजनों पर सख्ती की, तो वह सरकार, पुलिस और मंत्रियों के परिवारों पर बड़े हमले करेगा।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि फोरेंसिक टीम की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही धमाके की सटीक जानकारी मिल सकेगी।
गौरतलब है कि रविवार को अजनाला थाने के बाहर बाइक सवार दो युवकों ने IED फेंकी थी, जिसकी जिम्मेदारी भी हैप्पी ने ली थी। इसके बाद पुलिस ने हैप्पी की मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को हैप्पी ने अमृतसर देहात पुलिस के एक अधिकारी को धमकी दी थी कि वे उसकी मां और बहन पर दर्ज केस का अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
अजनाला थाने से कुछ ही दूरी पर रविवार सुबह बरामद हुई IED में लगभग 800 ग्राम RDX था। अगर यह विस्फोट होता, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। पुलिस ने IED को कब्जे में लेकर आसपास के CCTV कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।
Grenade attack on closed police post in amritsar, forensic investigation underway