पंजाब सरकार द्वारा पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में इस इकरारनामे के बाद कि 25 नवंबर से पहले निकाय चुनाव का नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सरकार निकाय चुनाव में और देरी नहीं करेगी, खासकर दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी इस चैप्टर को समाप्त करना चाहेगी।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार दिसंबर महीने में निकाय चुनाव प्रक्रिया को पूरा करना चाहती है। इसी के चलते नगर निगमों और नगर परिषदों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ा दी गई है। शहरों में रखरखाव और सफाई कार्य युद्ध स्तर पर हो रहे हैं।
नगर निगम कमिश्नरों को सरकार ने निर्देश दिया है कि शहर में चल रहे सभी विकास और रखरखाव कार्य दिसंबर के पहले सप्ताह तक पूरे किए जाएं। हालांकि, निकाय चुनाव का शेड्यूल क्या होगा, इसे लेकर राजनीतिक दलों में उत्सुकता बनी हुई है।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार 23 नवंबर को चार विधानसभा उपचुनावों के नतीजों का इंतजार कर रही है। अगर नतीजे आम आदमी पार्टी के पक्ष में आते हैं, तो निकाय चुनाव जल्दी कराए जाएंगे। लेकिन अगर नतीजे सरकार के खिलाफ जाते हैं, तो चुनाव प्रक्रिया जनवरी के पहले या दूसरे सप्ताह तक टल सकती है।
नगर निगम कमिश्नर गौतम जैन ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि अगले 15 दिनों में लंबित विकास कार्य पूरे किए जाएं। शहर में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत, सड़कों का निर्माण, और यूनियनों के विवादों को सुलझाने के काम तेज किए जा रहे हैं।
नगर निगम कमिश्नर गौतम जैन ने वीरवार को सुभाना में जालंधर-नकोदर रेलखंड पर बन रहे अंडरपास का जायजा लिया। यह अंडरपास कई महीनों से लंबित है और सीवरेज पाइपलाइन की समस्या के कारण निर्माण कार्य में देरी हो रही है।
सीवरेज पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से अंडरपास में पानी भर रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। जालंधर कैंट हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियारा, मिंटू जुनेजा और अन्य नेताओं ने इस समस्या का समाधान जल्द करने की अपील की है।
कमिश्नर ने ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस विभाग को सीवरेज पाइपलाइन की समस्या 15 दिनों के भीतर हल करने के निर्देश दिए हैं। सुभाना अंडरपास जालंधर और आसपास के कई इलाकों को जोड़ने वाला अहम प्रोजेक्ट है। इसका निर्माण पूरा नहीं होने पर निकाय चुनाव में इसका राजनीतिक असर देखने को मिल सकता है।
नगर निगम अधिकारियों और नेताओं ने सुभाना थाना से अंडरपास तक सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
The stir for the municipal elections intensifies in punjab, preparations to issue notification before november 25