Skip to content

Diljit Dosanjh का फाइनल कंसर्ट आज लुधियाना में, सभी टिकट हुए सोल्ड आउट |

Diljit Dosanjh’s Grand Finale: Dil Luminati Tour Concludes in Ludhiana Amid Tight Security
Diljit Dosanjh’s Grand Finale: Dil Luminati Tour Concludes in Ludhiana Amid Tight Security
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ का बहुप्रतीक्षित ‘दिल लुमिनाटी टूर’ आज लुधियाना में अपने फाइनल शो के साथ समाप्त होगा। पंजाब एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (PAU) के फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित इस मेगा इवेंट में 50,000 से अधिक प्रशंसकों के शामिल होने की उम्मीद है।

इस ऐतिहासिक कॉन्सर्ट को लेकर न केवल दिलजीत के प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है, बल्कि शहर में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं।

कॉन्सर्ट को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने 3500 पुलिसकर्मियों और 800 प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स की तैनाती की है। इसके अलावा, ट्रैफिक जाम से बचने के लिए कई रूट डायवर्ट किए गए हैं। लुधियाना पुलिस ने दर्शकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 14,000 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था भी की है।

दिलजीत दोसांझ के इस फाइनल कॉन्सर्ट के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू होते ही महज 12 मिनट में सारे टिकट सोल्ड आउट हो गए। टिकटों की कीमतें सिल्वर के लिए ₹5,000, गोल्डन के लिए ₹9,000 और फैनपिट के लिए ₹15,000 रखी गई थीं। लेकिन टिकटों की भारी डिमांड के चलते ब्लैक मार्केटिंग शुरू हो गई और कई टिकट ₹50,000 तक में बेचे गए।


पार्किंग प्लान और एंट्री व्यवस्था

दर्शकों की सुविधा के लिए लुधियाना पुलिस ने फेसबुक पेज पर पार्किंग और एंट्री से जुड़ी जानकारी साझा की है।

  • VVIP एंट्री: PAU के गेट नंबर 8 से होगी। गाड़ियां हेलीपैड ग्राउंड में पार्क की जाएंगी।
  • VIP और MIP: गेट नंबर 2 से एंट्री होगी। पार्किंग PAU गेट नंबर 2 के पास की जाएगी।
  • सिल्वर टिकट: गेट नंबर 1 से पैदल एंट्री। गाड़ियां 3 किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग लोकेशन्स पर पार्क की जाएंगी।
  • गोल्ड टिकट: गेट नंबर 2 से पैदल एंट्री। पार्किंग सरकारी कॉलेज और अन्य नजदीकी स्थानों पर होगी।

ट्रैफिक डायवर्जन प्लान

कॉन्सर्ट के दौरान ट्रैफिक जाम से बचने के लिए प्रशासन ने कई रूट डायवर्ट किए हैं:

  • लाडोवाल चौक से संगरूर और मलेरकोटला के लिए ट्रैफिक को सर्दन बायपास से भेजा जाएगा।
  • जालंधर बाइपास चौक से जगराओं और मुल्लांपुर के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं।
  • समराला चौक और कोहाड़ा चौक से आने वाले वाहनों को साहनेवाल और अन्य रूट्स से डायवर्ट किया जाएगा।

दिलजीत दोसांझ का यह फाइनल शो उनके फैंस के लिए बेहद खास है। पूरे पंजाब से दर्शक इस इवेंट में पहुंच रहे हैं। दिलजीत के गानों की लोकप्रियता और उनके लाइव परफॉर्मेंस का क्रेज इस बात का सबूत है कि यह शो लुधियाना में एक ऐतिहासिक आयोजन बन जाएगा।

कॉन्सर्ट को लेकर पिछले एक हफ्ते से जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं। दिलजीत दोसांझ की ओर से प्रशासन को ₹20.65 लाख का भुगतान किया गया है, जिससे व्यवस्थाएं और सुविधाएं बेहतर की जा सकें।

यह कॉन्सर्ट न केवल दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए बल्कि पूरे शहर के लिए भी एक यादगार दिन बनने वाला है। भारी सुरक्षा, बेहतरीन प्लानिंग और जबरदस्त फैन बेस के चलते यह इवेंट पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

दिलजीत दोसांझ के सुपरहिट गानों और उनके करिश्माई व्यक्तित्व को देखने के लिए लुधियाना में हर कोई बेसब्री से इंतजार कर रहा है।