आदमपुर सिविल एयरपोर्ट की सुरक्षा को और कड़ा करने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। पंजाब पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी डीसीपी जसबंत कौर को एयरपोर्ट का मुख्य सुरक्षा अधिकारी (CSO) नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्थाओं को नए सिरे से मजबूत किया जाएगा।
शनिवार को डीसीपी जसबंत कौर ने आदमपुर एयरपोर्ट का दौरा किया और एयरपोर्ट डायरेक्टर के साथ सुरक्षा संबंधी अहम मुद्दों पर करीब 45 मिनट तक बैठक की। इस दौरान, सुरक्षा बढ़ाने के लिए आधुनिक उपायों और निगरानी तंत्र को और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। बैठक में पंजाब पुलिस इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह और AGM अमिताभ रूगंटा भी मौजूद थे।
सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को अपग्रेड किया जाएगा, जिसमें सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाना, बायोमेट्रिक एंट्री सिस्टम लागू करना और सिक्योरिटी चेकिंग को अधिक सख्त बनाना शामिल है।
डीसीपी जसबंत कौर ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता होगी और किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट रहने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
एयरपोर्ट प्रशासन और पंजाब पुलिस के इस संयुक्त प्रयास से आदमपुर एयरपोर्ट को और सुरक्षित और संरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।