जालंधर में नशा छुड़ाओ सेंटर के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना होशियारपुर रोड के पास हुई, जहां सुबह राहगीरों ने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान पाटिल के रूप में हुई है, और प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना को लेकर मुबारकपुर शेखे गांव के सरपंच तिरलोक कुमार ने कहा कि हत्या संभवतः देर रात की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इलाके में नशे की लत बढ़ने के कारण इस तरह की वारदातें आम होती जा रही हैं। कुछ दिन पहले भी इसी तरह की एक हत्या हुई थी, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
सरपंच ने बताया कि इलाके में सुरक्षा की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि महिलाएं रात 8 बजे के बाद अकेले घर से बाहर नहीं निकल सकतीं। कई बार प्रशासन को इस मुद्दे पर शिकायतें दी गई हैं, लेकिन अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।
घटना स्थल पर थाना पतारा और मकसूदां पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जब उनसे घटना को लेकर सवाल किए गए, तो दोनों पुलिस टीमें क्षेत्रीय सीमा (हदबंदी) को लेकर उलझती नजर आईं। इससे मौके पर मौजूद लोग और भी हैरान रह गए।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। लेकिन इलाके में बढ़ते अपराध और पुलिस की निष्क्रियता पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या प्रशासन अब कोई ठोस कदम उठाएगा, या फिर यह मामला भी सिर्फ एक खबर बनकर रह जाएगा?