जालंधर — शहर के घास मंडी चौक पर थाना-5 की पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे नाके के दौरान एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने मौके पर मौजूद महिला सब इंस्पेक्टर को न केवल धक्का दिया, बल्कि कॉलर पकड़कर बदसलूकी भी की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अधिकारी अपनी टीम के साथ इलाके में चेकिंग कर रही थीं, तभी पास में दो लोगों के बीच हो रहे झगड़े में पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इस दौरान उनमें से एक युवक अचानक उग्र हो गया और महिला अधिकारी के साथ मारपीट करने लगा। पुलिस कर्मियों ने तुरंत स्थिति को काबू में करते हुए युवक को हिरासत में लिया और थाने लेकर गए।
थाने में भी युवक ने काफी हंगामा मचाया। बाद में जब उसके परिजन थाने पहुंचे, तो यह जानकारी सामने आई कि युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है। पुलिस अधिकारियों द्वारा पुष्टि की गई कि युवक मानसिक रोगी है, इसलिए पूछताछ के बाद उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में गुस्सा भी देखा जा रहा है। वहीं, एडीसीपी सिटी-2 हरिंदर सिंह गिल ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कहा, “पुलिस ने संयम से काम लिया है। युवक की मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही निर्णय लिया गया है।”