Skip to content

जासूसी के आरोप में पकड़ा गया यूट्यूबर जसबीर सिंह, कोर्ट ने 2 दिन की रिमांड पर भेजा

YouTuber Jasbir Singh Sent on 2-Day Remand in Espionage Case
YouTuber Jasbir Singh Sent on 2-Day Remand in Espionage Case
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper

मोहाली के चर्चित यूट्यूबर जसबीर सिंह को जासूसी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार करने के बाद आज एक बार फिर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए 7 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन कोर्ट ने केवल 2 दिन की रिमांड मंजूर की है। इस बीच पुलिस ने बताया कि जसबीर से हुई पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।

जासूसी नेटवर्क से जुड़े तार
पुलिस जांच के अनुसार, जसबीर सिंह का नाम पाकिस्तान समर्थित जासूसी नेटवर्क से जुड़ा है। उसके संबंध पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (PIO) के ऑपरेटिव शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा से होने की बात सामने आई है। इसके अलावा, जसबीर की पहचान हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा और पाकिस्तानी उच्चायोग के निष्कासित अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से भी थी। यह कड़ी पुलिस को एक बड़े नेटवर्क की ओर संकेत कर रही है। जसबीर सिंह का यूट्यूब चैनल ‘जान महल’ खासा लोकप्रिय है, जिस पर 10 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। इस चैनल के माध्यम से वह अक्सर सामाजिक मुद्दों और यात्रा संबंधी वीडियोज़ बनाता रहा है। लेकिन अब उसके वीडियो कंटेंट और संपर्कों को लेकर भी जांच हो रही है कि क्या इसी मंच का प्रयोग किसी विदेशी ताकत से जुड़ाव के लिए किया गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार जसबीर सिंह तीन बार पाकिस्तान यात्रा कर चुका है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि इन दौरों का मकसद क्या था और वह किन-किन लोगों से मिला था। साथ ही रिमांड में यह भी जांच की जाएगी कि अब तक कितने अन्य यूट्यूबर्स पाकिस्तान जा चुके हैं और कहीं वे भी किसी नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं थे।

इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी ने न केवल डिजिटल मीडिया जगत में सनसनी फैला दी है बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी यह एक बड़ा अलर्ट बन गया है। आने वाले दिनों में पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस मामले में और खुलासे कर सकती हैं। जसबीर सिंह की दो दिन की रिमांड में कई परतें खुलने की संभावना है।