आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के युवा स्टार बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं—इस बार किसी रिकॉर्ड के लिए नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद के चलते। अभिषेक की बहन कमोल शर्मा की सगाई लुधियाना निवासी लविश ओबेरॉय से कुछ महीने पहले ही हुई थी। अब लविश पर एक युवक से बेरहमी से मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
मारपीट की घटना करीब दो महीने पुरानी बताई जा रही है, लेकिन इसकी वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। वीडियो में एक युवक को बुरी तरह पीटते हुए देखा जा सकता है। पीड़ित की पहचान गोराया के गांव अट्टा निवासी सतिंदर सिंह सती के रूप में हुई है, जो 'सनी ट्रांसपोर्ट' नाम की फर्म चलाता है।
सतिंदर सिंह का दावा है कि लविश ओबेरॉय और उसके साथियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, घटना से कुछ दिन पहले लविश के एक करीबी दोस्त जिम्मी ने उसकी गाड़ी पर फायरिंग भी की थी। सतिंदर ने बताया कि वह लगातार धमकियों का सामना कर रहा है और उसने इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत भी दर्ज करवाई है।
यह मामला इसलिए भी सुर्खियों में है क्योंकि लविश ओबेरॉय हाल ही में क्रिकेटर अभिषेक शर्मा के परिवार से जुड़ चुके हैं। कमोल शर्मा और लविश की सगाई समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिन्हें लेकर फैंस ने उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। अब वही लविश विवादों में घिर गए हैं, जिससे अभिषेक शर्मा की सार्वजनिक छवि भी प्रभावित हो सकती है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर जांच में जुट गई है। मारपीट और फायरिंग की घटनाओं के सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो लविश ओबेरॉय के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।