जालंधर में अपराध पर लगाम लगाने के अपने अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान 5 किलो 314 ग्राम हेरोइन, 2 किलो अफीम, एक देसी पिस्तौल (.32 बोर) और 6 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि 1 जुलाई 2025 को क्राइम ब्रांच की एक टीम जब नाखां वाला बाग चौक, भार्गव कैंप से दसमेंश नगर की ओर जा रही थी, तभी उन्हें एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। उसे पकड़ने पर उसकी पहचान हरपाल सिंह उर्फ पाला पुत्र बलबीर सिंह, निवासी भल्ला कॉलोनी, छेहरटा, अमृतसर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 5 किलो 56 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इस मामले में 2 जुलाई को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21C, 61 और 85 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, हरपाल सिंह के खिलाफ पहले से ही अमृतसर शहर में एक मुकदमा दर्ज है, जो उसकी आपराधिक गतिविधियों को दर्शाता है।
इसके अलावा पकड़े गए अन्य आरोपियों से भी भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई शहर में बढ़ते नशे और हथियारों की तस्करी पर एक बड़ा प्रहार है। कमिश्नरेट पुलिस ने दोहराया कि उनका अभियान जालंधर को अपराध मुक्त बनाने तक लगातार जारी रहेगा।