जालंधर में एक युवती की रहस्यमयी मौत मामले ने नया मोड़ ले लिया है। उत्तर प्रदेश के बृजमनगंज क्षेत्र से आई ज़ीरो FIR के आधार पर पुलिस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और पूर्व पार्षद रोहन सहगल, उनकी मां नगीना सहगल, मृतका की बुआ कृष्णा वर्मा, और एक अन्य व्यक्ति शिव के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
घटना 31 अगस्त 2023 की है, जब शिव विहार कॉलोनी में कोठी नंबर 125(ए) में काम करने वाली 20 वर्षीय निखिता का शव फंदे से लटका मिला था। शुरुआती जानकारी में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन यूपी निवासी पिता सूरत वर्मा का दावा है कि घटनास्थल की परिस्थितियाँ बिल्कुल आत्महत्या जैसी नहीं थीं।
परिजनों ने बताया कि उन्हें सच सामने लाने से रोकने के लिए लगातार धमकियाँ दी गईं। अंतिम संस्कार के बाद परिवार मजबूरी में यूपी लौट गया, लेकिन वहीं से न्याय की लड़ाई जारी रखी गई।
थाना-7 के प्रभारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि इस संबंध में FIR नंबर 179 दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच तेज़ कर दी गई है। यह मामला तब सामने आया था जब पड़ोस की महिला रुचि ने सुबह निखिता का शव सबसे पहले देखा और पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने और धमकाने से जुड़े प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया है। परिवार न्याय की मांग पर अडिग है, जबकि पुलिस सभी पक्षों के बयान और घटनास्थल से जुड़ी तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।