जालंधर के मिट्ठू बस्ती इलाके में शनिवार देर रात तनाव की स्थिति बन गई, जब एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही जीजा के घर पर धावा बोल दिया। बस्ती बावा खेल थाने से कुछ ही दूरी पर हुई इस वारदात में हमलावरों ने घर पर ईंटें फेंकी और तोड़फोड़ की। शोर मचते ही पड़ोसी इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
पीड़ित गुरदेव सिंह उर्फ रिंपी ने बताया कि हमला करने वाला उसकी पत्नी का भाई है। आरोपी हाल ही में चोरी और लूटपाट के मामले में 7 महीने बाद जमानत पर छूटा है। गुरदेव का कहना है कि उन्होंने कोशिश की थी कि जमानत हो जाए, मगर कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी। इसी बात की रंजिश में साले ने अपने साथियों के साथ हमला किया।
घटना के समय घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था। इस मौके का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने गुरदेव की पत्नी से मारपीट की और बाल खींचकर चोटें पहुंचाईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावरों ने ईंटें बरसाने के अलावा 2–3 हवाई फायर भी किए। हालांकि पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार करते हुए इसे घरेलू विवाद बताया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़ित परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।