Skip to content

दिल्ली में बदले जाएंगे 96 हजार स्ट्रीट लाइट, स्मार्ट LED से होगी बिजली की बड़ी बचत

दिल्ली में बदले जाएंगे 96 हजार स्ट्रीट लाइट, स्मार्ट LED से होगी बिजली की बड़ी बचत
Share Facebook X WhatsApp Telegram Email
View in ePaper
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की सड़कों को अधिक सुरक्षित और रोशन बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने करीब 96 हजार पुराने स्ट्रीट लाइटों को आधुनिक स्मार्ट LED लाइटों से बदलने की योजना शुरू की है। इस परियोजना का उद्देश्य बिजली की खपत कम करना, अंधेरे वाले क्षेत्रों को खत्म करना और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाना है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 473.24 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। इसके तहत पीडब्ल्यूडी के अधीन आने वाली सड़कों पर लगे 51,160 पोलों पर पुराने हाई प्रेशर सोडियम वेपर (HPSV) और पारंपरिक LED स्ट्रीट लाइटों को हटाकर नई ऊर्जा दक्ष स्मार्ट LED लाइटें लगाई जाएंगी। अधिकारियों के अनुसार, इस बदलाव से हर साल लगभग चार करोड़ यूनिट बिजली की बचत होने की उम्मीद है। साथ ही, नई तकनीक के जरिए खराब स्ट्रीट लाइटों की जानकारी तुरंत मिल सकेगी, जिससे मरम्मत कार्य में तेजी आएगी और लंबे समय तक अंधेरे में रहने वाले क्षेत्रों की समस्या समाप्त होगी। वर्तमान में पीडब्ल्यूडी लगभग 1,400 किलोमीटर सड़कों, 106 से अधिक फ्लाईओवर और अंडरपास की देखरेख करता है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मौजूदा व्यवस्था में करीब 45 हजार HPSV और 51 हजार सामान्य LED लाइटें लगी हुई हैं। इनमें खराबी आने पर शिकायत मिलने के बाद ही कार्रवाई होती है, जिसके कारण कई जगह लंबे समय तक अंधेरा बना रहता है। नई स्मार्ट LED प्रणाली न केवल बेहतर रोशनी देगी बल्कि ऊर्जा की खपत भी कम करेगी। इससे सड़कों पर दृश्यता बढ़ेगी, दुर्घटनाओं का खतरा घटेगा और प्रकाश प्रदूषण को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। दिल्ली सरकार का मानना है कि यह परियोजना राजधानी को अधिक सुरक्षित, ऊर्जा-कुशल और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।