नागपुर – इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E-2211, जो कोच्चि से दिल्ली जा रही थी, को अचानक नागपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन स्थिति में लैंड कराना पड़ा। कारण था एक खतरनाक बम धमकी का ईमेल, जिससे यात्रियों और क्रू मेंबर्स में अफरा-तफरी मच गई।
प्लेन में करीब 180 से ज्यादा यात्री सवार थे। जैसे ही नागपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बम की धमकी की सूचना मिली, फौरन इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम को एक्टिव किया गया। विमान के लैंड करते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल तक पहुंचाया गया। बम स्क्वाड और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और प्लेन की गहन तलाशी शुरू की गई।
इससे पहले 15 जून को लुफ्थांसा एयरलाइन की हैदराबाद आने वाली फ्लाइट को भी ऐसी ही धमकी मिली थी। सुरक्षा कारणों से उसे भारत में लैंडिंग की इजाज़त नहीं दी गई और वह वापस जर्मनी लौट गई। यह इस हफ्ते दूसरी बड़ी घटना है, जो भारत की एविएशन सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है।
पिछले कुछ महीनों में इस तरह की धमकियों की संख्या में इज़ाफा हुआ है। जांच एजेंसियों ने साइबर टीमों के साथ मिलकर इन ईमेल्स और कॉल्स की तह तक जाने का काम शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि यह असामाजिक तत्वों की हरकत हो सकती है या फिर कोई सुनियोजित साजिश।
इन धमकियों की वजह से जहां एयरलाइंस को लाखों का नुकसान हो रहा है, वहीं आम यात्री भी घंटों की देरी, डर और असुविधा का सामना कर रहे हैं। DGCA और गृह मंत्रालय ने एयरलाइंस से कहा है कि ऐसे मामलों को बेहद गंभीरता से लें और फ्लाइट से पहले सिक्योरिटी क्लियरेंस की प्रक्रिया को और सख्त करें।