पंजाब पुलिस के पूर्व इंस्पेक्टर सुखविंदर रंधावा ने वीरवार को मजीठा रोड पर स्थित अपने घर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उन पर जंडियाला गुरु के पास टोल प्लाजा पर एनकाउंटर करने और सीबीआई जांच सहित कई मामलों की जांच भी चल रही थी। परिवार के मुताबिक, आत्महत्या के कारणों पर फिलहाल कोई बयान नहीं दिया गया है।
सूचना मिलने पर एसीपी शिवदर्शन सिंह और थाना सदर प्रभारी विनोद शर्मा समेत पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि गोली सुखविंदर रंधावा के माथे पर लगी थी। पुलिस की फोरेंसिक टीम इस मामले की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजहों को स्पष्ट किया जा सके।
रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व इंस्पेक्टर के पास सरकारी और निजी दोनों प्रकार के हथियार थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उन्होंने किस पिस्टल का इस्तेमाल किया। मृतक के बेटे अमनदीप सिंह रंधावा इस समय सीआईए स्टाफ एक में तैनात हैं। एसीपी शिवदर्शन सिंह ने बताया कि सुखविंदर रंधावा की आत्महत्या की खबर मिलने के बाद वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि परिवार अभी इस हालत में नहीं है कि आत्महत्या के कारणों पर कोई जानकारी दे सके। हालांकि, एसीपी ने कहा कि पूर्व इंस्पेक्टर सुखविंदर रंधावा एक काबिल अधिकारी थे, जिन्होंने कई बड़े केस सुलझाए। रिटायरमेंट के बाद भी वे पुलिस विभाग का सहयोग करते थे और उनकी आवश्यकता पर पंजाब पुलिस उनसे परामर्श लेती थी। पुलिस विभाग ने आश्वासन दिया है कि वे इस मुश्किल घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं।
Retired punjab police sub-inspector sukhwinder randhawa committed suicide