होशियारपुर: दिल्ली विधानसभा चुनाव में गहन प्रचार अभियान के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने होशियारपुर-चिंतपूर्णी रोड की पहाड़ियों में स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में आराम किया। उनके स्वागत के लिए डीसी कोमल मित्तल, एसएसपी सुरेंद्र लांबा और फॉरेस्ट विभाग के कंजर्वेटर डॉ. संजीव तिवाड़ी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने पहाड़ी क्षेत्र में भ्रमण किया, जहां उन्हें स्थानीय वन विभाग द्वारा तैयार की गई नई पर्यटन हट्स और "साडा पिंड" रेस्तरां का अवलोकन कराया गया। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और दोपहर के भोजन के बाद रवाना हुए।
दिल्ली चुनावी हार पर चर्चा के लिए केजरीवाल ने बुलाई आप नेताओं की बैठक
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 11 फरवरी को दिल्ली में पंजाब के मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में दिल्ली चुनाव में पार्टी की हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी। दिल्ली में पार्टी की हार के बाद पंजाब में AAP की रणनीति पर भी गहन चर्चा होगी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव (2027) और लोकसभा चुनाव (2029) के लिए रोडमैप तैयार किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व राज्य में AAP को मजबूत करने और शहरी एवं मध्यम वर्गीय मतदाताओं को फिर से जोड़ने पर विचार करेगा। पंजाब सरकार की प्रदर्शन क्षमता और विकास कार्यों को तेज करने की दिशा में भी चर्चा की जाएगी, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके।